नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट 2026 पर आज सोमवार से संसद में सामान्य चर्चा की शुरुआत हो रही है,इसे बजट सत्र का एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिसमें सांसद बजट की दिशा, प्राथमिकताओं और इसके प्रभावों पर अपने-अपने विचार रखेंगे, इसके बाद विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर विस्तार से चर्चा और मतदान की प्रक्रिया होगी।
संसदीय सूत्रों के अनुसार, बजट पर होने वाली इस बहस के दौरान विपक्ष की ओर से सरकार से तीखे सवाल पूछे जा सकते हैं,संभावना जताई जा रही है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी सदन में बजट पर सरकार को घेरते हुए अपनी बात मजबूती से रखेंगे।
सदन में बोलेगा विपक्ष
बजट पेश होने के बाद राहुल गांधी ने मीडिया के सामने कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी थी, उन्होंने केवल इतना कहा था कि वे अपनी बात संसद के भीतर रखेंगे,उस समय उनके साथ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं, हालांकि दोनों नेताओं ने मीडिया से दूरी बनाए रखी थी।

सोशल मीडिया पर सरकार पर साधा निशाना
हालांकि संसद के बाहर राहुल गांधी ने चुप्पी साधे रखी, लेकिन बाद में उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बजट को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए, उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट आम जनता की समस्याओं से कटा हुआ है, और इसमें रोजगार, उद्योग, निवेश और किसानों जैसे अहम मुद्दों पर ठोस समाधान नहीं दिखता।
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, विनिर्माण क्षेत्र दबाव में है, निवेश का माहौल कमजोर हुआ है, और किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं, साथ ही, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संभावित वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को बजट में गंभीरता से नहीं लिया गया।
सियासी माहौल रहेगा गरम
अब संसद में होने वाली आम बहस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, माना जा रहा है कि सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियों को गिनाएगा, जबकि विपक्ष बजट को जनहित से दूर बताते हुए, सरकार को कठघरे में खड़ा करेगा, ऐसे में आने वाले दिनों में संसद का माहौल गरम रहने के आसार हैं।
