रायगढ़। शहर के खेल जगत और विधि क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रायगढ़ के प्रख्यात वकील स्वर्गीय प्रभात कुमार पाण्डेय के सुपुत्र और उच्च न्यायालय बिलासपुर के अधिवक्ता विनीत कुमार पाण्डेय (उर्फ बंटी) का आज आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे शहर और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस लाइन के सामने, जयसिंह तालाब के निवासी विनीत पाण्डेय न केवल कानून के जानकार थे, बल्कि वे एक उत्कृष्ट बास्केटबॉल खिलाड़ी के रूप में भी जाने जाते थे। अपने मिलनसार स्वभाव और मृदुभाषी व्यवहार के कारण वे हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय थे।
उनके करीबियों का कहना है कि विनीत का इस तरह अचानक चले जाना एक अपूरणीय क्षति है, जिस पर यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में विनीत पाण्डेय के भाई विवेक, विष्णु, विश्वास और बहन विभा शहर से बाहर हैं। उनके शाम तक रायगढ़ पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया और अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। उनके निधन पर शहर के अधिवक्ताओं, खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
